भीमताल। ग्राम पंचायत बोहराकून के तोक धुरा में एक मकान में गैस सिलिंडर फटने से एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को भीमताल सीएचसी ले जाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बोहराकून के तोक धुरा में बीती मंगलवार की शाम पीतांबर दत्त फुलारा के घर में अचानक गैस सिलिंडर फट गया। हादसे में पीतांबर दत्त फुलारा, बेटी योगिता, बेटा हिमांशु, पत्नी तुलसी देवी और उनकी मां घायल हो गईं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से भीमताल सीएचसी पहुंचाया गया।
डॉ. कैलाश ने बताया कि घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर थी जबकि अन्य लोग झुलसे हुए थे। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को एसटीएच रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष जगदीश सिंह नेगी ने बताया कि घटना की सूचना पर वे टीम के साथ सीएचसी पहुंचे थे लेकिन तब तक सभी लोग हल्द्वानी जा चुके थे। संवाद