हल्द्वानी। शहर के कई इलाकों में अघोषित कटौती से मंगलवार को करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोगों को खासी परेशानी हुई। क्षेत्रवासियों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से गर्मी के सीजन में बिजली कटौती नहीं किए जाने की मांग की है। उक्रांद महानगर अध्यक्ष और पार्षद रवि वाल्मीकि ने कहा कि विद्यार्थियों की परीक्षाएं चल रही हैं। गर्मी के चलते बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को खासी दिक्कतें हो रही हैं। ऊर्जा निगम बगैर सूचना के बिजली कटौती कर रहा है। उन्होंने शीघ्र बिजली कटौती बंद करने की मांग की। इधर, विद्युत विभाग के ईई डीएस बिष्ट ने बताया कि एक दिन पहले सूचना देकर लॉपिंग के लिए शटडाउन लिया गया था। इस दौरान बरेली रोड, नवाबी रोड और सेंट पॉल स्कूल समेत तमाम इलाकों में बिजली गुल रही।