हल्द्वानी में सड़क पर खड़ी द्रोणा पब्लिक स्कूल की एक वैन में अचानक आग लग गई। इससे गाड़ी में रखे स्कूल की ट्रॉफी व अन्य सामान जल गए। गनीमत रही कि वैन में कोई नहीं था। सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने आग पर काबू पाया। मामले की जांच के लिए परिवहन विभाग जुट गई है। तिकोनिया स्थित द्रोण पब्लिक स्कूल में बुधवार को पुरस्कार वितरण कार्यक्रम किया जाना है। मंगलवार को स्कूल के पीटी शिक्षक ललित स्कूल वैन से ट्रॉफी और शील्ड आदि खरीदने के लिए बाजार गए थे। चालक ने वैन को शोरूम के बाहर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। सभी सामान वैन में रख दिया गया। शिक्षक और चालक बिल लेने के लिए पहुंचे कि अचानक स्कूल वैन में आग लग गई। जिससे सारा सामान जलकर राख हो गया। ये पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: शराब तस्करों पर आबकारी अधिकारियों की नजर, 12 भट्टियां तोड़ी, 12 हजार किलो लहन नष्ट किया सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। स्कूल के प्रबंधक तरुण मठपाल ने बताया कि हादसे के समय स्कूल वैन में कोई नहीं था। एसडीएम एपी वाजपेई ने बताया कि मामले की जांच आरटीओ की तकनीकी टीम से कराई जा रही है।