नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल की प्लेसमेंट सेल ने विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए सोमवार को बैठक की। यह बैठक विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेल के सदस्यों और सेल के सलाहकार डॉ. मोहित राजन (उप सचिव, लोकसभा सचिवालय, भारत सरकार नई दिल्ली) के बीच नैनीताल में हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि अल्पकालिक योजना के तहत सेल का मुख्य ध्यान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के बेहतरीन अवसर प्रदान करने पर केंद्रित रहेगा। इससे विद्यार्थियों को उद्योग जगत का व्यावहारिक और मूल्यवान अनुभव प्राप्त हो सकेगा। खास बात यह है कि यह इंटर्नशिप विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर प्री-प्लेसमेंट ऑफर में भी बदली जा सकेगी। बैठक में प्लेसमेंट सेल के प्रमुख सदस्य प्रो. गीता तिवारी, डॉ. पैनी जोशी, डॉ. गिरीश खड़कवाल, डॉ. राशि मिगलानी, प्रो. महेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।