हल्द्वानी। कॉलटैक्स गेट की मरम्मत के दौरान शीशमहल फिल्टर प्लांट बंद रहने से सोमवार सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक आधे शहर और ग्रामीण क्षेत्र की पेयजल सप्लाई ठप रही। इससे शहर के आवास-विकास, वैलेजली लॉज, नैनीताल रोड, रामपुर रोड, दमुवाढूंगा चौफुला चौराहा, बरेली रोड, पॉलीशीट, नवाबी रोड, ऊंचापुल, लालडांठ क्षेत्र में करीब दो लाख की आबादी को पेयजल किल्लत झेलनी पड़ी।
जल संस्थान गौला नदी से मिलने वाले 35 एमएलडी पानी को शीतलाहाट और शीशमहल प्लांट से फिल्टर करके शहर और ग्रामीण क्षेत्रों तक सप्लाई करता है। सोमवार को गौला नदी से शीशमहल फिल्टर प्लांट को आने वाली नहर के कॉलटैक्स गेट की मरम्मत के चलते जलशोधन के लिए आठ घंटे तक पानी नहीं मिल पाया। इससे लाखों लोग गर्मी में पानी के लिए परेशान रहे। विभाग ने प्रभावित इलाकों में टैंकर से फेरे बढ़ाकर आपूर्ति कराई। सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को पेयजल किल्लत के चलते देर शाम तक टैंकरों से पानी बांटा गया है। इधर, सिंचाई विभाग के जेई मनोज तिवारी ने बताया कि गेट को बदल दिया गया। सोमवार को गौला नदी का जलस्तर 51 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया।
पहले ही पानी बंद होने से सुबह नौ बजे से समस्या आई है। शाम को भी फिल्टर प्लांट को देर से पानी मिला है। इससे दिक्कत हुई है। टैंकरों से प्रभावित इलाकों में पानी बांटकर आपूर्ति कराई है।
आरएस लोशाली, ईई, जल संस्थान
हेल्पडेस्क पहुंची छह शिकायतें
जल संस्थान की हेल्पडेस्क में सोमवार को दमुवाढूंगा, चौफुला चौराहा, जज फार्म और नवाबी रोड से छह उपभोक्ताओं ने पेयजल संकट की समस्या बताई। ईई कार्यालय पहुंचे ऊंचापुल और नवाबी रोड के दो उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।