भीमताल (नैनीताल)। जिले के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति कराने के लिए कांग्रेसी नेता मनोज शर्मा ने शुक्रवार को जिला माध्यमिक शिक्षाधिकारी पुष्कर लाल टम्टा को ज्ञापन सौंपा। शर्मा ने कहा कि भीमताल, धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ के विद्यालयों में लंबे समय से शिक्षकों के पद खाली हैं। इससे स्कूली बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए शहरों की ओर रुख करना पड़ रहा है। शर्मा ने डीईओ से शिक्षकों की जल्द से जल्द नियुक्ति कराने की मांग की है ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो सके। डीईओ ने बताया कि जिले के प्राथमिक विद्यालयों में 101 नए शिक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। साथ ही जल्द अन्य रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। संवाद