ज्योलीकोट में शुक्रवार रात सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। टैक्सी पलटने के बाद घायलों की मदद के लिए पहुंचे स्थानीय लोगों की वाहन सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी थी।
ज्योलीकोट के ग्राम प्रधान नवल कुमार की शिकायत के अनुसार, शुक्रवार देर शाम मटियाली बैंड पर एक टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना पर वह अन्य स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोग घायलों की मदद करने के साथ ही सड़क पर यातायात सुचारु कराने में जुटे थे।
तभी अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रहे एक वाहन में सवार युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कार सवार युवकों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना से नाराज ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस चौकी पहुंच गए। बाद में पुलिस आरोपियों को नैनीताल कोतवाली ले आई। मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने अल्मोड़ा निवासी अंशुमन वर्मा, चंद्रशेखर, अमन साह व तेजस बिष्ट और मल्लीताल निवासी मनन साह के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 351(3) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।