हल्द्वानी। महिला सर्राफ ने बरेली निवासी बहन के पास दस लाख रुपये देने के लिए अपनी दुकान के कर्मचारी को भेजा। आरोप है कि दुकान का कर्मचारी नकदी लेकर फरार हो गया। महिला सर्राफ ने एसएसपी से मदद की गुहार लगाई जिस पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुनगली गार्डन निवासी प्रिया गुप्ता ने एसएसपी को बताया कि पटेल चौक स्थित साहूकारा में कृष्णम ज्वैलर्स नाम से उनकी सर्राफ की दुकान है। दो फरवरी 2021 में पति अमित कुमार गुप्ता के निधन के बाद वही दुकान का संचालन करती हैं। बताया कि आठ जुलाई 2022 को उन्हें 10,00000 रुपये अपनी बरेली निवासी बहन के पास भिजवाने थे। उन्होंने दुकान पर काम करने वाले लालकुआं के हाथीखाना स्थित संजय नगर निवासी अनोखे को रुपये लेकर बरेली भेजा था। आरोप है कि तब से अनोखे का कुछ पता नहीं है। उन्होंने लालकुआं थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई लेकिन आठ महीने से लालकुआं पुलिस केवल टहलाने में लगी है। बताया कि लाखों का नुकसान होने की वजह से दो बच्चों का लालन-पालन और कारोबार के संचालन में दिक्कतें आने लगीं है। इस पर एसएसपी पंकज भट्ट ने हल्द्वानी कोतवाली को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।