नैनीताल। लंबे इंतजार के बाद चिड़ियाघर के इकलौते मारखोर को जोड़ीदार मिल गई है। दार्जिलिंग से आई मादा मारखोर अभी तक क्वारंटीन थी। शनिवार को उसे नर मारखोर के बाड़े में छोड़ दिया जाएगा। सैलानी यहां अब नर और मादा मारखोर के दर्शन कर सकेंगे।
दस साल पहले दार्जिलिंग से मारखोर का जोड़ा नैनीताल चिड़ियाघर लाया गया था, लेकिन कुछ समय बाद मादा मारखोर की मौत हो गई थी। बीते कुछ साल से मारखोर व अन्य जीवों को यहां लाने की कवायद की जा रही थी, जिसके चलते एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत 20 दिन पहले दो वर्ष की मादा मारखोर पद्माजा नायडू हिमालय जूलॉजिकल पार्क दार्जिलिंग से नैनीताल लाया गया गया था, जिसको क्वारंटीन किया गया था। वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि आज से नर मारखोर के बाड़े में मादा मारखोर को पर्यटकों के दर्शनार्थ शिफ्ट कर दिया जाएगा।