भीमताल। पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों को हल्द्वानी मंडी में शिमला मिर्च के उचित दाम नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीमताल, धारी, धानाचूली, पहाड़पानी क्षेत्र के किसान शिमला मिर्च हल्द्वानी मंडी भेज रहे हैं। मंडी में 20 से 25 रुपये किलो तक ही शिमला मिर्च बिक पा रही है। भीमताल के किसान आनंदमणि भट्ट ने बताया कि दाम कम होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जितना दाम किसानों को मिल रहा है उससे अधिक किराए में चला जा रहा है। इसके चलते किसान चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों को उचित दाम मिलना चाहिए ताकि किसानों को आर्थिक रूप से नुकसान नहीं उठाना पड़े।