हल्द्वानी। कमलुवागांजा स्थित एक घर से चोर करीब चार लाख के जेवरात व नगदी उड़ा ले गए। मामले में मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। कमलुवागांजा भरतपुर निवासी कमला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कि 17 अप्रैल को वह परिवार सहित रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इस बीच चोरों ने घर में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया। पड़ोसियों ने उन्हें मामले की सूचना दी। इस पर वह परिवार समेत यहां पहुंचे तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं। कमरों के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। चोर घर में रखा डीएसएलआर कैमरा, दो सोने की चेन, आठ टॉप्स, 55 हजार की नकदी और चांदी के पायल उड़ा ले गए। इधर मुखानी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।