किच्छा। आबकारी विभाग की टीम ने जूस काॅर्नर से छह पव्वे अंग्रेजी शराब के बरामद किए। टीम ने जूस काॅर्नर के संचालक को हिरासत में लिया।मंगलवार को आबकारी विभाग को सूचना मिली कि डीडी चौक स्थित एक जूस काॅर्नर पर ग्राहकों को शराब परोसी जा रही है। साथ ही जूस काॅर्नर के सामने खड़ी स्कूटी में बड़ी मात्रा में शराब रखी है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जूस काॅर्नर से छह अंग्रेजी शराब के पव्वे बरामद कर संचालक को हिरासत में ले लिया जबकि स्कूटी में लॉक लगा था। स्कूटी स्वामी का पता नहीं चला। आबकारी टीम की छापेमारी से वहां लोगों की भीड़ लग गई। स्कूटी स्वामी का इंतजार करने के बाद आबकारी टीम बगैर स्कूटी की तलाशी लिए जूस काॅर्नर के संचालक को हिरासत में लेकर चली गई। आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।