रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से प्रदेश भर में शनिवार (15 अप्रैल) से बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होगा जो 29 अप्रैल तक चलेगा। प्रदेश के 29 मूल्यांकन केंद्रों पर 14.22 लाख उत्तर पुस्तिकाओं को 45 सौ शिक्षक जांचेंगे।
प्रदेश भर में इस बार 2.59 लाख परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी। बृहस्पतिवार को उत्तराखंड बोर्ड कार्यालय में मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सभी को बेहतर मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए जिसमें 29 मूल्यांकन केंद्र के 58 मास्टर ट्रेनरों को बुलाया गया था।
अपर सचिव बीएमएस रावत ने बताया कि 14.22 लाख उत्तरपुस्तिकाओं का 29 केंद्र पर मूल्यांकन होगा जिसकी जिम्मेदारी 45 सौ शिक्षकों पर होगी।
बताया कि हाईस्कूल की 7,87,000 और इंटर की 6,35,000 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इस बार प्रदेश में हाईस्कूल की परीक्षा में 1,32,000 और इंटरमीडिएट में 1,27,000 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए। बताया कि 15 अप्रैल से प्रदेश के 29 केंद्रों पर 29 अप्रैल तक मूल्यांकन होगा।
इंटर की उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन के लिए 12 और हाईस्कूल के लिए मिलेंगे दस रुपये
रामनगर। इंटर की उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन के लिए परीक्षक को 12 रुपये और हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिका की जांच के लिए 10 रुपये मिलेंगे। सुबह दस बजे से मूल्यांकन शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। बताया गया कि एक परीक्षक एक दिन में अधिकतम 30 उत्तर पुस्तिका की जांच कर सकेंगे।