नैनीताल। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से कार्मिकों की 18 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन के द्वितीय चरण में शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष असलम अली ने बताया कि परिषद ने प्रथम चरण में गेट मीटिंग कार्यक्रम किया गया था जिसे 15 से 31 जनवरी तक सुचारू रखा गया। प्रांतीय नेतृत्व द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार सात फरवरी को सुबह 11 बजे से डीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बाद में डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। परिषद के प्रांतीय वरिष्ठ संरक्षक बहादुर सिंह बिष्ट ने परिषद के सभी घटक संगठनों एवं अन्य राज्य कर्मचारी संगठनों से अधिक संख्या में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।