गौलापार स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम की दशा सुधारने के लिए कर्मचारी नियुक्ति किए जाएंगे। इसके लिए खेल विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके अलावा जीर्ण-शीर्ण पड़े स्टेडियम को ठीक करने के लिए प्रस्ताव बनाने की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। शासन से धन मिलते ही कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
अमर उजाला ने 19 अगस्त को नाम का इंटरनेशनल स्टेडियम रखरखाव के लिए धेला भी नहीं शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद खेल विभाग हरकत में आ गया है। स्टेडियम में खराब पड़ी लाइटों को ठीक करने के लिए इलेक्ट्रीशियन, पानी की व्यवस्था को ठीक करने के लिए प्लंबर, साफ-सफाई के लिए तीन स्वच्छक, चार ग्राउंड मैन की आउटसोर्स से नियुक्ति की तैयारी शुरू कर दी है। स्टेडियम को अराजकतत्व नुकसान न पहुंचाएं, इसके लिए 10 पीआरडी कर्मी नियुक्ति कर दिए हैं। विभाग ने जीर्णशीर्ण पड़े स्टेडियम को ठीक करने के लिए प्रस्ताव बनाना शुरू कर दिया है। प्रस्ताव बनने के बाद शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद इसे शासन से स्वीकृति मिलेगी और स्वीकृति मिलते कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
स्टेडियम के रखरखाव के लिए आउटसोर्स से कर्मचारी नियुक्ति किए जाएंगे। इसके अलावा स्टेडियम को ठीक करने के लिए प्रस्ताव बनाया जा रहा है। प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
-राशिका सिद्दीकी, सहायक खेल निदेशक हल्द्वानी।