हल्द्वानी। आईटीआई हल्द्वानी में सोमवार को प्रवेश जागरूकता कार्यक्रम हुआ। आईटीआई में संचालित फिटर, टर्नर समेत 15 ट्रेडों में प्रशिक्षण और इसके लाभों के बारे में बताया गया। नए खोले जाने वाले ट्रेड सोलर टेक्नीशियन और मैकेनिक मशीन टूल मेंटेनेंस की जानकारी दी गई। आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने मॉडल का प्रर्दशन किया।
मुख्य अतिथि कौशल विकास विभाग निदेशक संजय कुमार खेतवाल ने प्रवेशसंख्या बढ़ाने के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए विशेष कार्ययोजना बनाते हुए लाभार्थियों को जोड़ने की कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर निदेशक ऋचा सिंह ने आईटीआई के प्रचार-प्रसार के लिए संयोजित प्रयास करने के साथ उनकी उपयोगिता और प्रशिक्षण से प्राप्त होने वाले लाभों के बारे में बताया।
संयुक्त निदेशक मंयक अग्रवाल ने उत्तराखंड वर्कफोर्स डेवलपमेंट परियोजना के तहत आईटीआई भवनों के जीर्णोद्धार, ऑडिटोरियम निर्माण और आधुनिकतम उपकरणों की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को नल-जल मित्र योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, काशीपुर, हरिद्वार, बाजपुर और देहरादून में स्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, अप्रेंटिस योजना के बारे में बताया। यहां संयुक्त निदेशक अनिल त्रिपाठी, स्मिता अग्रवाल, मोहन मेहरा, बीना जोशी, रेखा आर्य, आशा पांडे आदि रहे।