हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ने के बाद पूरी रिपोर्ट तैयार करने में ऊर्जा निगम को 48 घंटे से अधिक का समय लग गया। आजाद नगर, स्टेशन रोड, नई बस्ती और गांधीनगर फीडर से एक साल में 433287 यूनिट बिजली चोरी का आंकड़ा सामने आया है। इसका बिल 21.66 लाख रुपये है। नियमों के तहत 120 लोगों पर 55 लाख रुपये का जुर्माना डाला गया है।
यूपीसीएल के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में विद्युत विजिलेंस ने पुलिस फोर्स के साथ बनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार की सुबह छापा मारा था। इस दौरान लोग घरों में कटिया डालने के साथ ही मीटर से पहले बाईपास कर बिजली चोरी करते मिले थे। अभियान के बाद से यूपीसीएल की टीमें बिजली चोरों की फर्द तैयार करने में लगी रही, मंगलवार तक 78 लोगों के कागजात तैयार कर 39.66 लाख का जुर्माना तय किया गया था, शेष के लिए कागजी कार्रवाई बुधवार को भी चली। शेष 42 पर करीब 15 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
बिजली चोरी के मामले में बनभूलपुरा कोतवाली को तहरीर सौंप दी गई है, इसमें लिप्त लोगों से जुर्माना राशि जमा कराई जाएगी, इसके बाद नियमानुसार बिजली कनेक्शन जोड़ा जाएगा।
-प्रदीप कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल