भीमताल (नैनीताल)। जिला योजना के तहत ग्रामीण निर्माण विभाग की ओर से ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों को लेकर सीडीओ ने आठ अगस्त को आरडब्लूडी विभाग का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में सीडीओ को लाखों के टेंडर एक-दो ठेकेदारों को ही देने की कमियों के साथ टेंडर समिति के हर सदस्य के हस्ताक्षर टेंडर में नहीं मिले थे। इसको लेकर सीडीओ की ओर से आरडब्लूडी विभाग के अधिशासी अभियंता से जवाब तलब किया था। सोमवार को ईई कमलेश कुमार जोशी ने सीडीओ को भेजे स्पष्टीकरण में कुछ टेंडरों में समिति के कुछ सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने की गलती स्वीकारी है।
इस मामले को गंभीरता से लेते सीडीओ डॉ. संदीप तिवारी ने डीएम को उक्त प्रकरण में अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। सीडीओ की कार्रवाई के बाद अंदेशा जताया जा रहा है कि टेंडर प्रक्रिया में लाखों की धांधली की गई है। साथ ही विभाग के एक पूर्व जिला स्तरीय अधिकारी की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है।
कोट
टेंडर प्रक्रिया में समिति के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने की विभाग की ओर से गलती मानी गई है। इससे अनियमितता होने का अंदेशा लग रहा है। इसको लेकर डीएम को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए लिखा गया है। - डॉ. संदीप तिवारी, सीडीओ
कोट
विभाग की ओर किसी तरह की अनियमितताएं नहीं की गई हैं। कुछ टेंडर में सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं कराए गए थे, जो बाद में करा लिए गए थे। नियमानुसार ही टेंडर किए गए हैं। - कमलेश कुमार जोशी, ईई, आरडब्लूडी विभाग