हल्द्वानी के बेस अस्पताल की ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़। संवाद
हल्द्वानी मेडिकल काॅलेज के अधीन सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) और बेस अस्पताल में सोमवार को बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। एसटीएच की इमरजेंसी में बेडों की संख्या बढ़ानी पड़ी है।
एसटीएच और बेस अस्पताल अस्पताल सोमवार को रोगियों से पैक नजर आया। सुशीला तिवारी अस्पताल में ओपीडी 2030 पहुंच गई। ओपीडी बंद होने के बाद इमरजेंसी में मरीजों की कतार रही। एसटीएच में भर्ती मरीजों की संख्या 650 पहुंच गई है। अस्पताल में वार्ड को जाने वाले गलियारे में मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है। यह स्थिति तब आती है जब वार्ड के बेड भरे होते हैं। मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी कहते हैं कि इमरजेंसी में दस बेड को बढ़ाया गया है। अब इमरजेंसी में बेडों की संख्या 34 हो गई है। रोगियों को उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से बेहतर इलाज देने का प्रयास किया जा रहा है।
बेस अस्पताल में लाइन में लगे घंटों
हल्द्वानी। बेस अस्पताल में मरीजों को पंजीकरण लाइन, ओपीडी, जांच, बिलिंग लाइन से लेकर दवा की लाइन में काफी इंतजार करना पड़ा। कालाढूंगी से आई भावना ने बताया कि एक सप्ताह से बुखार की समस्या बनी हुई। कालाढूंगी में इलाज से फायदा न होने पर पहुंचे। यहां पर दो घंटे से लाइन में ही लगे हैं। हैड़खान निवासी त्रिलोक चंद्र ने बताया कि अंगुली में दर्द होने पर दिखाने के लिए पहुंचे थे। पहले पर्चे, फिर डॉक्टर और अब जांच के लिए लाइन में लगे हैं। कमुलवागंजा के रामकुमार, कालाढूंगी की सुनीता और भगवानपुर के रहने वाले अतुल का कहना था कि हर जगह लाइन में काफी समय लग रहा है।