रामनगर। कॉर्बेट पार्क में बिना फिटनेस की जिप्सी से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सफारी कराने के मामले में वाहन चालक को निलंबित कर दिया गया है। दो स्टोर कीपर पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपार्ट भेजी गई है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कॉर्बेट की जिप्सी यूके 19जीए-0067 से ढेला, झिरना व फाटो जोन का भ्रमण किया था। सीएम कॉर्बेट जिस जिप्सी में घूमे थे उसकी फिटनेस 2020 में खत्म हो गई थी। कॉर्बेट पार्क के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि पार्क स्तर पर उपनिदेशक राहुल मिश्रा को जांच सौंपी गई थी। इस दौरान वाहन चालक मो. उमर व स्टोरकीपर इरशाद व स्टोर प्रभारी पंकज से स्पष्टीकरण मांगा गया था। समय पर फिटनेस नहीं कराने के मामले में मो. उमर को निलंबित किया गया है। स्टोरकीपर इरशाद व पंकज पर कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। संवाद