कोटाबाग। ब्लॉक कोटाबाग की ग्रामसभा आंवलाकोट के तल्ली बस्ती एवं तल्ली आंवलाकोट तोक में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। तल्ली बस्ती तोक में विगत तीन दिन से पानी नहीं आने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तल्ली आंवलाकोट तोक निवासी कन्नू सती ने बताया कि पिछले छह माह से पानी की समस्या बनी हुई है। जल संस्थान के कर्मचारी आते हैं लेकिन समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। तल्ली बस्ती तोक निवासी सुनील बुढ़लाकोटी ने बताया कि गांव के लोगों को दूसरे गांव से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। इधर जलसंस्थान के जेई धीरज मेहता का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर आंवलाकोट की सभी पेयजल लाइनों को ओवरहेड टैंक से जोड़ लिया जाएगा। इससे पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त जेजेएम के अंतर्गत एक अन्य परियोजना पर कार्य चल रहा है, जिससे छह माह में पूरे कोटाबाग की पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त कर दिया जाएगा।