हल्द्वानी। गर्मी आने से पहले ही शहर में पानी की किल्लत बढ़ने लगी है। इसका खामियाजा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शनिवार को भी कालाढूंगी रोड पर जीजीआईसी का नलकूप खराब रहने और रामपुर रोड पर पेयजल लाइन में खराबी आने से लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। इस बीच जल संस्थान की ओर से जीजीआईसी कालाढूंगी रोड, दमुवाढूंगा, लोहरियासाल, हिम्मतपुर, बजूनियाहल्दू समेत रामपुर रोड के कई इलाकों में नौ विभागीय टैंकरों के माध्यम से पानी बांटा गया।
रामपुर रोड पर पंचायतघर के पास लाइन में लीकेज होने से दो दर्जन कॉलाेनियों में पानी की किल्लत बनी रही। परेशान लोगों ने कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को फोन किया, तब टैंकर भिजवाए गए। लोगों का कहना है कि गर्मी आने से पहले ही पानी की किल्लत बढ़ने लगी है। विभाग को लाइनों की जांच कर समस्या दूर करनी चाहिए। मामले में एई प्रमोद पांडे ने बताया कि जेजेएम की नई लाइन के अलावा मुख्य सड़क पर चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई है। जल्द ही कार्य पूरा कर आपूर्ति को सुचारु किया जाएगा।