बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। वैसाली गांव में शराब के प्रचलन को पूरी तरह समाप्त करने के लिए महिला समूह ने शराबंदी का फैसला लिया है। महिलाओं ने किसी भी आयोजन पर शराब पीने पर रोक लगाने का प्रस्ताव पास किया है। शराब पीने-पिलाने वालों पर तीन हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। महिला समूह शराब छोड़ने वाले लोगों को सम्मानित भी करेगा।
ग्राम पंचायत ने शराब बंदी की तरफ कदम बढ़ाते हुए गांव के किसी भी शादी और धार्मिक उत्सवों में शराब का सेवन वर्जित कर दिया है। महिला समूह ने आपसी सहमति और विचार विमर्श के बाद फैसला कर प्रस्ताव पास किया। गांव में शराबबंदी लागू करने के लिए ग्राम पंचायत और युवा क्लब के सहयोग से शराब पीने वाले व्यक्तियों को शराब छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को जुर्माना देना होगा। बैठक में ग्राम प्रधान रेखा देवी, मंजू देवी, मंजू रावत, विमला रावत, जानकी रावत, विमला देवी, ममता रावत, पुष्पा देवी, रमा देवी, मधु रावत, धनुली रावत, आशा देवी, हरीश सिंह, पुष्कर सिंह, दरपान, गोकुल, प्रताप सिंह, गुसाई, दिवान, सुरेश, गणेश, विक्रम, महिपाल, आन सिंह, उम्मेद सिंह आदि शामिल रहे।
ग्राम प्रधान रेखा देवी का कहना है कि गांव में अक्सर लोग शराब पीकर गालीगलौज करते हैं। इससे सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती है। बच्चे भी परेशान होते हैं। पुरुष अपनी मेहनत की कमाई शराब में फूंक देते हैं, जिससे घरों में महिलाओं को परेशान होना पड़ता है। इसी समस्या के निराकरण के लिए महिलाओं ने गांव में शराबबंदी का निर्णय लिया है। जो लोग इसका पालन नहीं करेंगे और शराब पीते पकड़े गए तो तीन हजार रुपया जुर्माना का प्रावधान किया गया है।