नैनीताल। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय की ओर से विभिन्न जनपदों में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इसी क्रम में नैनीताल जिले में डॉ. रश्मि पंत को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) का दायित्व सौंपा गया है। वर्तमान सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत का स्थानांतरण पिथौरागढ़ कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि ज्वाइन करते ही उनकी प्राथमिकता जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्य किया जाएगा।