नैनीताल। यदि सब कुछ ठीकठाक रहा तो निकट भविष्य में यहां हल्द्वानी रोड में एक ऐसी पार्किंग नजर आएगी जो जिले में अपनी तरह की पहली और इकलौती पार्किंग होगी। कार्यदायी संस्था की ओर से दो पार्किंग के प्रस्ताव जिला प्रशासन को सौंपे हैं। इनमें पहली रोटरी टावर पार्किंग है जबकि दूसरी पजल पार्किंग। विशेष बात यह है कि इन दोनों तरह की पार्किंग में कम स्थान पर अधिक वाहनों को खड़ा किया जा सकता है।
बता दें कि नैनीताल में पार्किंग की समस्या दिन प्रतिदिन विकराल रूप लेती जा रही है। गर्मियों का सीजन हो या फिर तीन चार दिन तक लगातार पड़ने वाली छुट्टियां। सैलानी उमड़ते ही शहर के सभी पार्किंग स्थल वाहनों से पैक नजर आते हैं और फिर सुबह से शाम तक सड़कों पर जाम लगता रहता है। इसे देखते हुए डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम के अधिकारियों को हल्द्वानी रोड में नेशनल होटल के पास पार्किंग स्थल विकास के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश पिछले दिनों दिए थे।
डीपीआर बनाने से पहले तकनीकी टीम ने क्षेत्र का मौका मुआयना किया और इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम के अधिकारियों और तकनीकी टीम ने नेशनल होटल के पास स्थित भूमि को रोटरी टावर पार्किंग और पजल टावर पार्किंग के लिए उपयुक्त करार दिया था।
निगम के उप महाप्रबंधक (परियोजना) प्रेम चंद्र ने जिला प्रशासन को दोनों तरह की पार्किंग का प्रस्ताव भेजे हैं। अब जिला प्रशासन को तय करना है कि वह हल्द्वानी रोड में किस तरह की पार्किंग निर्माण को मंजूरी दे।
प्रस्ताव-1
रोटरी टावर पार्किंग की लागत 41.94 करोड़ रुपये है। पूरी तरह बनने के बाद इस पार्किंग स्थल में 177 चार पहिया और 96 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। रोटरी टावर पार्किंग एक ऊंचाई वाला टावर है जो ओटोमोड पर संचालित होता है। इसमें बने अलग अलग प्लेटफार्म पर वाहन एक के ऊपर एक खड़े होते हैं।
प्रस्ताव-2
पजल पार्किंग की लागत 41.65 करोड़ रुपये है। इस पार्किंग में 194 चार पहिया और 96 दो पहिया वाहनों को खड़ा किया जा सकता है। यह मल्टी स्टोरी पार्किंग है जिसमें हर मंजिल में कई वाहनों को एक दूसरे के बराबर में खड़ा किया जा सकता है।
कोट
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम ने रोटरी टावर और पजल पार्किंग की डीपीआर भेजी है। मौके पर कौन सी पार्किंग उपयुक्त होगी इस बारे में जल्द निर्णय लेकर डीपीआर शासन को भेजी जाएगी ताकि बजट मिलते ही पार्किंग निर्माण का काम शुरू कराया जा सके। अपनी तरह की यह जिले की पहली पार्किंग होगी। - धीराज सिंह गर्ब्याल, डीएम नैनीताल।