रामनगर। शहर में बढ़ते यातायात को देखते हुए प्रशासन निजी बस अड्डे को शहर से बाहर शिफ्ट कर रहा है। ऐसे में हल्द्वानी बस अड्डे के पास गुजर रही दो सिंचाई नहरों पर डबल लेन पुल बनेगा ताकि पुल के जरिये बसों का आवागमन हो सके।
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता जगत नारायण सिंह ने बताया कि बस अड्डे के लिए कुष्ठ आश्रम के पास विभाग की भूमि को चिह्नित किया गया है। इस भूमि तक पहुंचने के लिए सिंचाई विभाग की दोनों सिंचाई नहरों पर एक करोड़ छह लाख की लागत से 12 मीटर लंबा पुल बनाया जा रहा है। बताया कि पिछले माह डीएम ने भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ते यातायात और कैंची धाम जाने का मार्ग भी रामनगर से होकर जाने की संभावना को देखते हुए यहां पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में निजी बसों को शहर से बाहर करने की योजना पर प्रशासन स्तर पर कार्य चल रह है। संवाद
इन जगहों के लिए संचालित होती हैं बसें
एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि मुरादाबाद-काशीपुर बस अड्डे, डौन परेवा, पाटकोट और हल्द्वानी को जाने वाली निजी बसों को कोसी नदी के नए पुल के पास से संचालित किया जाएगा। इसके अलावा केएमयू, जीएमयू, कुमाऊ आदर्श आदि की बसें रानीखेत रोड से संचालित होती है।