रामनगर (नैनीताल)। डीएम वंदना ने बुधवार को रामनगर में नगर वन और गर्जिया माता मंदिर के विकास कार्याें को देखा। इसके बाद लोनिवि गेस्ट हाउस के सभागार में विकास कार्याें की प्रगति की समीक्षा बैठक ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
डीएम दोपहर एक बजे रामनगर पहुंचीं। उन्होंने 17 हेक्टेयर भूमि पर बने नगर वन पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया। रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ दिगांथ नायक ने बताया कि नया सिटी फाॅरेस्ट जो 17 हेक्टेयर भूमि पर बनाया है। उसमें बच्चों पार्क, ओपन जिम, कई वाटिका और कॉर्बेट पार्क में रहने वाले वन्यजीवों को दर्शाया गया है। डीएम ने डीएफओ को द्वितीय फेस के कार्यों का विस्तारीकरण एवं सौंदर्यींकरण के अलावा अन्य कार्यों के लिए तत्काल डीपीआर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि पार्क को और विकसित किया जा सके।
गर्जिया मंदिर के सुरक्षात्मक कार्याें का किया निरीक्षण
डीएम ने प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर में आपदा से हुए नुकसान का भी निरीक्षण किया और सिचाई विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। मंदिर परिसर के जीर्णाेंद्धार एंव तात्कालिक सुरक्षात्मक कार्य के लिए डीपीआर शासन को आवश्यक संशोधन के साथ उपलब्ध कराने को कहा। मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था ठीक न होने पर नाराजगी जताई। एसडीएम रामनगर राहुल शाह को मंदिर समिति, नगर पालिका, वन विभाग, पुजारी, दुकानदारों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मंदिर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए। संवाद
विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में डीएम ने रामनगर विधानसभा के विकास कार्यों की बैठक ली जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक लेकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि जिन संबंधित विभागों में टेंडर प्रकिया, भूमि हस्तांतरण या आपत्ति के अलावा अन्य कोई मामले हो, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हो उनका आपसी तालमेल बनाते हुए समाधान निकाला जाए। कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समय का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान विधायक दीवान सिंह बिष्ट, पालिकाध्यक्ष हाजी अकरम, एसडीएम राहुल शाह, नगर मंडल अध्यक्ष मदन जोशी, भाजपा नेता गणेश रावत, तहसीलदार कुलदीप पांडेय, नायब तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा, कोसी रेंजर शेखर तिवाड़ी आदि मौजूद रहे।