नैनीताल। डीएसबी परिसर स्थित वाणिज्य विभाग की ओर से स्किल दुनिया बंग्लूरू के सहयोग से राष्ट्रीय रोजगार अवसर और कॅरिअर विकास शिखर सम्मेलन विषय पर वेबिनार किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना और उन्हें रोजगार के आधुनिक अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा। वेबिनार में विशेषज्ञों ने उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं और कॉलेज के पाठ्यक्रमों के बीच के अंतर पर विस्तार से चर्चा की। सत्र के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव, उभरते कॅरिअर विकल्पों और वर्ष 2026 तक बाजार में मांग वाले विशेष कौशलों पर प्रकाश डाला गया। इसके अतिरिक्त, छात्रों को प्रभावी रिज्यूमे निर्माण और व्यावहारिक कॅरिअर मार्गदर्शन के गुर भी बताए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन के सहयोग से प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. ममता जोशी, विभागाध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी, डॉ. आरती पंत, डॉ. विजय कुमार, डॉ. जीवन उपाध्याय, डॉ. निधि वर्मा, डॉ. पूजा जोशी पालीवाल आदि मौजूद रहे।