नैनीताल। अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का स्टीमेट तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जा रही है।
एडीएम जोशी ने बताया कि जिले में 12 अगस्त तक 307 परिवारों को आर्थिक सहायता के रूप में 14.81 लाख रुपये के चेक बांटे जा चुके हैं। बताया कि हल्द्वानी के चार परिवार और नैनीताल के 25 परिवार राहत शिविरों में रह रहे हैं। सिंचाई विभाग के ईई अमित बंसल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में सिंचाई विभाग की ओर से तीन पोकलैंड और चार जेसीबी मशीन से सफाई और चैनलाइज का कार्य किया जा रहा है।
हल्द्वानी के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू
नैनीताल। जल संस्थान के ईई रविशंकर लोशाली ने बताया कि शनिवार को हल्द्वानी क्षेत्र के शिवपुरी दमवाढूंगा, पनचक्की क्षेत्र और हाइडिल गेट में पानी की आपूर्ति बहाल हो गई है। कलसिया, हल्द्वानी और काठगोदाम में पेयजल आपूर्ति बहाल होने तक पीवीसी पाइपों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुचारू की गई है।