हादसे के एक सप्ताह बाद भी आरोपी कार चालक फरार
- फोटो : amar ujala
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ क्षेत्र में पांच अक्तूबर को हुए हादसे में आरोपी कार चालक को एक सप्ताह बाद भी नहीं पकड़ पाई है। यह स्थिति तब है जब पुलिस के पास दौलिया गांव निवासी बुजुर्ग बंशीधर चंदोला को टक्कर मारने वाली कार का सीसीटीवी फुटेज भी है। गाड़ी नंबर भी पुलिस के पास है। पुलिस ने तो अब तक मामले में प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की है।
पुलिस को दी तहरीर में रोशन चंदोला ने बताया कि उनके पिता पांच अक्तूबर को दोपहर करीब तीन बजे दौलिया गांव से हल्दूचौड़ स्थित बैंक जा रहे थे। गुमटी के पास उन्हें तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने गाड़ी का नंबर भी नोट कर लिया और उसके बाद घायल को अस्पताल भिजवाया। रोशन के अनुसार पिता की कमर और जांघ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं। निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने हादसे के अगले ही दिन पुलिस को तहरीर दी लेकिन अब तक आरोपी को नहीं पकड़ा जा सका है।
मामले में चौकी प्रभारी से जानकारी मांगी गई है। जल्द आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - हरबंस सिंह, एसपी सिटी