नैनीताल। नगर पालिका के ईओ अशोक कुमार वर्मा की ओर से बृहस्पतिवार को दर्ज कराई गई एफआईआर के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर निकाय व सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को कोतवाली के बाहर कूड़े से भरा खुला डस्टबिन रख कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो शनिवार से नगर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी।
बृहस्पतिवार को पालिका की ओर से बीएम साह पार्क के बाहर लगे पोस्टर हटाने को लेकर उपजे विवाद के बाद रंगकर्मियों की ईओ से उनके कार्यालय में झड़प हो गई थी। ईओ की शिकायत पर पुलिस ने तीन रंगकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निकाय व सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार 11 बजे पालिका कार्यालय के समक्ष सभा की और रंगकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बाद में पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी के नेतृत्व में पालिका कर्मी कोतवाली पहुंचे, जहां नारेबाजी के बीच आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। उन्होंने गिरफ्तारी में देरी का आरोप लगाते हुए कोतवाली के समक्ष प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में निकाय कर्मचारी अध्यक्ष मोहन चिलवाल, सचिव रितेश कपिल, देवभूमि सफाई कर्मचारी अध्यक्ष धर्मेश प्रसाद, सचिव सोनू सहदेव, शिवराज नेगी, सुनील कुमार खोलिया, हिमांशु चंद्रा, कमल कुमार, हंसा दत्त बहुगुणा, रवि कुमार, महेंद्र लाल, कमल कुमार आदि थे।