नैनीताल। खेल प्रशिक्षण शिविरों का संचालन अधर में लटकने से 150 से अधिक खिलाड़ी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने जल्द खेल प्रशिक्षण के संचालन की मांग की है। उत्तराखंड खेल निदेशालय के आदेशानुसार ये शिविर 15 अप्रैल से शुरू होने थे लेकिन जमीनी स्तर पर स्थितियां इसके विपरीत हैं। विभाग के दावों के बावजूद कई क्षेत्रों में अभी तक अभ्यास सत्र शुरू नहीं हो पाए हैं जिससे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी व्यवस्थाएं पूरी कर प्रशिक्षण शिविर तत्काल शुरू कर दिए जाएंगे।