गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत मल्ली सेठी के तोक चांदपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय के समक्ष ग्रामीणों ने बेतालघाट-ओखलढुंगा मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क दुरुस्त होने से यह कैंची धाम को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग बन सकता है। सीडीओ ने विभागीय अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। तहसीलदार बीसी भंडारी ने बताया शिविर में 35 समस्याएं आईं। आधे से अधिक का मौके पर ही निस्तारण किया गया। दायित्वधारी शांति मेहरा ने पात्र लाभार्थियों को व्हीलचेयर और लक्ष्मी किट का वितरण किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, विमला नेगी, रणजीत सिंह, प्रेम कुमार, चंपा जलाल, नंदी खुल्बे, आनंद सिंह मौजूद रहे।