नैनीताल। जनहित संस्था नैनीताल के एक शिष्टमंडल ने माॅल रोड पर ई-रिक्शा संचालन की समयसीमा बढ़ाने के लिए पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल से उनके कार्यालय में मुलाकात की। संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन और संरक्षक जगमोहन सिंह बिष्ट व दिव्या साह ने पालिकाध्यक्ष को एक पत्र सौंपा। महासचिव महेश आर्य ने बताया कि देर शाम रिक्शा सेवा पूरी तरह बंद होने से तल्लीताल से मल्लीताल आने-जाने वाले स्थानीय नागरिकों, आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोगों और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर ममता साह, भुवन कुमार आदि मौजूद रहे।