नैनीताल। नगर पालिका सभासद गजाला कमाल के नेतृत्व में महिला सभासदों के एक शिष्टमंडल ने मंगलवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से मुलाकात की। उन्होंने शहर में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष पार्क के निर्माण की मांग की है। शिष्टमंडल ने बताया कि शहर में दिव्यांग बच्चों के लिए न तो कोई विद्यालय है न थेरेपी सेंटर और न ही मनोरंजन के लिए कोई पार्क। उन्होंने सुझाव दिया कि मल्लीताल आर्य समाज से लगे दीनदयाल उपाध्याय पार्क को दिव्यांग पार्क के रूप में विकसित किया जा सकता है। मुख्य मार्ग पर होने के कारण यहां बच्चों को लाने में सुविधा होगी। शिष्टमंडल ने पार्क में दिव्यांगों के अनुरूप झूले, व्हीलचेयर के लिए मार्ग और नियमित फिजियोथेरेपी व काउंसलिंग शिविर लगाने की मांग की। यहां सभासद लता दफौटी, गीता उप्रेती भी मौजूद रहीं।