हल्दूचौड़ (नैनीताल)। सामाजिक कार्यकर्ता टीकम सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तीनपानी से मोटाहल्दू तक जमरानी नहर निर्माण एवं सिंचाई नहर को कवर करने की मांग करते हुए लघु सिंचाई सचिव को पत्र भेजा है। पत्र में कहा है कि नहर कवरिंग के समानांतर मुख्य लिंक रोड पर यातायात का भारी दबाव रहता है। नहर खुली होने के कारण भविष्य में दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहेगा। लिहाजा मानसून सत्र से पूर्व नहर को कवर करना जरूरी है। उन्होंने यथाशीघ्र जमरानी नहर एवं सिंचाई नहर को कवर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित देने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में प्रधान गोपाल अधिकारी, सीमा पाठक, ममता तिवारी, केशव पंत, मुकेश दुमका, बाला दत्त लोशाली, नंदकिशोर पठालनी, सचिन कुमार, राजेंद्र दुर्गापाल, कमला दुर्गापाल आदि शामिल हैं।