रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं के गणित के प्रश्नपत्र में कई प्रश्न पाठ्यक्रम के बाहर से आए थे। इस पर राजकीय संघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने बोर्ड सचिव से गणित के पेपर में बोनस अंक की मांग की है। सोमवार को बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी को दिए ज्ञापन में संगठन के प्रांतीय नेता नवेंदु मठपाल बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के गणित के प्रश्नपत्र में गलत प्रश्न प्रिंट होने के साथ ही कई प्रश्न पाठ्यक्रम के बाहर से आए थे। उन्होंने कहा कि इसके चलते परीक्षा की तैयारी कर रहे परीक्षार्थियों को नुकसान हुआ है। उन्होंने गणित के पेपर में सभी परीक्षार्थियों को बोनस अंक देने की मांग की। इस दौरान अजय धस्माना,नवीन तिवारी,बालकृष्ण चंद, देवेंद्र भाकुनी मौजूद रहे।