नैनीताल। मई शुरू होने के बावजूद नैनीताल पालिका के लेक ब्रिज चुंगी और डीएसए पार्किंग के ठेके अब तक नहीं हो पाए हैं जिससे पालिका को राजस्व हानि की आशंका है। हाल ही में निविदा समिति के समक्ष लेक ब्रिज सहित विभिन्न पार्किंग की निविदाएं खोली गईं। इनमें से तीन छोटी पार्किंग का ठेका 94.5 लाख रुपये में दिया जा चुका है। हालांकि, लेक ब्रिज शुल्क के लिए ठेकेदार की घोषणा बाकी है। तीन ऑफलाइन प्रपत्रों में तकनीकी दिक्कत और आपत्ति के कारण समिति विधिक राय ले रही है। पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने बताया कि निविदादाता फर्म की हैसियत और एफडीआर की तिथि जैसे प्रपत्रों पर कानूनी सलाह ली जा रही है। संभवतः सोमवार को लेक ब्रिज के ठेकेदार की घोषणा की जाएगी। डीएसए पार्किंग की निविदा 11 मई को खोली जाएगी। देरी होने पर भी जनहित में ठेकेदार के साथ सामंजस्य बैठाकर कार्य शुरू किया जाएगा।