नैनीताल। मल्लीताल कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक विशेष श्रेणी केशव लाल (56) निवासी पिथौरागढ़ को दो दिन से हल्का बुखार और कमजोरी की शिकायत थी। इस बीच वह बैरक में ही आराम कर रहे थे। मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांचें की। जांच में बुखार होने पर उनका कोरोना टेस्ट किया गया। जांच में वह कोरोना संक्रमित निकले। इस पर उन्हें एंबुलेंस से हायर सेंटर हल्द्वानी भेज दिया गया, लेकिन हायर सेंटर पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सुशीला तिवारी अस्पताल में दरोगा केशव लाल की मौत की पुष्टि हुई है। उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। कोविड गाइडलाइन के अनुसार ही दरोगा केशव लाल का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि शहर में कोरोना से यह चौथी मौत है।