नैनीताल नगर के समीपवर्ती खूपी क्षेत्र में बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा मंडराने लगा है। भूस्खलन के खतरे को देखते हुए मंगलवार को प्रशासन की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रशासन ने सिंचाई विभाग को क्षेत्र की सुरक्षा के लिए तात्कालिक व दीर्घकालिक योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। इधर मकान में दरार आने से गांव के निचले क्षेत्र से एक परिवार ने अपना घर छोड़ दिया है।
वर्ष 2011 से खूपी गांव में भूस्खलन के चलते कई घरों में दरारें आ गई थीं। भूस्खलन के चलते क्षेत्र में कई घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। हर बरसात में खूपी में रहने वाले लोग डर के साए में जीवन व्यतीत करते हैं। इधर क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बढ़ने की सूचना पर मंगलवार को एसडीएम प्रमोद कुमार ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पाइंस गधेेरे की ओर से गांव की सुरक्षा करने की मांग की। घरों में दरारों के चलते खूपी निवासी बच्ची राम ने घर छोड़ दिया है। प्रशासन की ओर से जब लोगों से विस्थापन के लिए नाम मांगे गए तो लोगों ने मना कर दिया।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि टीम के साथ खूपी गांव व पाइंस गधेरे का निरीक्षण किया गया। कहा कि पूर्व में भूगर्भ वैज्ञानिकों ने क्षेत्र का सर्वे किया था। उनकी रिपोर्ट के आधार पर सिंचाई विभाग को तात्कालिक व दीर्घकालिक योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके आधार पर ही क्षेत्र की सुरक्षा के लिए कार्य किए जाएंगे।