हल्द्वानी। राज्य की सबसे बड़ी मंडी नवीन मंडी में पार्किंग तक की सुविधा नहीं है। इससे मंडी परिसर में आए दिन जाम की समस्या रहती है। व्यापारियों का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद समस्या हल नहीं हो रही है।
प्रदेश में मंडी परिषद के अंतर्गत करीब 23 मंडियां आती हैं। यहां करीब 700 से अधिक लाइसेंसी आढ़ती हैं। मंडी में रोजाना बड़ी तादाद में फल और सब्जी से लदे ट्रक और अन्य वाहन आते-जाते हैं। पार्किंग की व्यवस्था न होने से मंडी में आए दिन जाम की स्थिति रहती है।
इससे आढ़तियों और व्यापारियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। आलू-फल आढ़ती व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश जोशी का कहना है कि पूर्व में मंडी समिति प्रशासन को इस संबंध में ज्ञापन दिया था लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। मंडी सचिव दिग्विजय सिंह देव का कहना है कि मंडी में पार्किंग का प्रावधान नहीं हैं। जगह की कमी के चलते पार्किंग नहीं बन सकती है।