पुलिस कस्टडी से फरार जाकिर हुसैन एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। एसएसपी जीआरपी आनंद शंकर ताकवाले का दावा है कि जाकिर के बारे में पुलिस को काफी जानकारियां हाथ लगी है और वह शीघ्र ही पुलिस गिरफ्त में होगा।
एसएसपी जीआरपी ने बताया कि फरार जाकिर को पकड़ने के लिए जीआरपी सीओ हरिद्वार, सीओ काठगोदाम और थानाध्यक्ष काठगोदाम की टीमें काम कर रही हैं। पुलिस को कुछ अहम जानकारियां भी मिली हैं। इधर, नैनीताल और हरिद्वार की पुलिस टीमें भी जाकिर को पकड़ने के लिए जीआरपी का सहयोग कर रही हैं। स्थानीय पुलिस जाकिर पर इनाम घोषित कराने के लिए अदालती कार्रवाई कर रही है।
बता दें कि हरिद्वार पुलिस के तीन सिपाही 16 मई को जाकिर को काठगोदाम-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन से लेकर हल्द्वानी स्थित अदालत में पेशी के लिए आ रहे थे। लालकुआं से ट्रेन आगे बढ़ने पर जाकिर शौच का बहाना बनाकर ट्रेन से कूद गया और फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। जाकिर रामपुर जिले के दडियाल धौराटांडा का रहने वाला है।