महिला के साथ दरिंदगी के मामले में डॉक्टर द्वारा किए गए ऑपरेशन का वीडियो वायरल होने पर महिला आयोग ने सख्त नाराजगी जताई है। वीडियो में डॉक्टर को रैक्टम से बेलन निकालते हुए दिखाया जा रहा है। महिला आयोग की उपाध्यक्ष अमिता लोहनी ने कहा कि मामले में डॉक्टर को नोटिस भेजेंगे। साथ अस्पताल के एमएस से भी पूछताछ होगी।
महिला आयोग की उपाध्यक्ष अमिता लोहनी ने बताया कि दरिंदगी के बाद पीड़ित महिला को एसटीएच में भर्ती कराया गया था। बाद में ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने रैक्टम से बेलन निकाला था, लेकिन इस गंभीर केस की जानकारी अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को नहीं दी गई।
आयोग की पहल पर मुखानी पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया था। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने खुलासा किया कि दरिंदगी उसके पति ने की थी। खुलासा होने के बाद से महिला का पति फरार है। इधर, डॉक्टर द्वारा किए गए ऑपरेशन का वीडियो शहर में वायरल हो गया है।
इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि वीडियो वायरल होना बड़ी लापरवाही है। इस संबंध में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। अस्पताल के डॉक्टर वार्ड ब्वाय पर शक जता रहे हैं।
लेकिन, मामले में एमएस को भी जवाब देना होगा कि कैसे वीडियो वायरल हो गया। बता दें कि 25 दिसंबर को महिला के साथ दरिंदगी हुई थी और 26 को एसटीएच में ऑपरेशन कर उसके रैक्टम से बेलन निकाला गया था।