कार्बेट पार्क के ढेला रेंज में भैंस चराने गई महिला को बाघ ने निवाला बना लिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने डीडी का घेराव करते हुए अतिशीघ्र पिंजरा लगाने के साथ ही गश्त बढ़ाने की मांग की।
रविवार सुबह ग्राम ढेला निवासी देवकी देवी (65) पत्नी लछम सिंह रोज की तरह गांव के पास ही जंगल में भैंस चरा रही थी। दोपहर तक जब देवकी देवी घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता सताने लगी।
उन्होंने ग्रामीणों के साथ देवकी देवी की ढूंढ खोज की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों ने महिला के लापता होने की सूचना वनकर्मियों को दी। ग्रामीणों और वन कर्मियों ने महिला की ढूंढ खोज की।
गांव से लगभग 500 मीटर दूर पथेरूआ पश्चिमी वीट कंपार्ट नंबर-4 में देवकी देवी का बाघ द्वारा नोंचा शव मिला। हंगामा बढ़ता देख वनकर्मियों ने इसकी सूचना वन विभाग के उच्चाधिकारियों को दी।
मौके पर पहुंचे उपनिदेशक डा. साकेत बडोला को भी ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि घटनास्थल के पास पिंजरा लगाने के साथ ही कैमरा ट्रैप भी लगाया जा रहा है। गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से कुछ समय के लिए जंगल न जाने की अपील की है।
बाघ द्वारा देवकी देवी को अपना निवाला बनाने से आक्रोशित ढेला के ग्रामीणों ने ढेला वन विश्राम भवन में तोड़फोड़ की। इस दौरान ग्रामीणों ने कुर्सियां, मेज के तोड़ी और पथराव किया।
पार्क डायरेक्टर समीर सिन्हा ने इसकी पुष्टि करने हुए बताया कि मौके पर भारी पुलिस बल भेज दिया गया है। ग्रामीणों के मना करने के बाद उन्हें समझा बुझाकर देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिये सरकारी अस्पताल में लाया गया है। जहां मंगलवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा।