भोजीपुरा से रविवार को शॉपिंग के लिए बरेली निकले युवक की लालकुआं में हत्या कर दी गई। हत्यारों ने युवक का सिर बुरी तरह कूच कर शव हाइवे से करीब 25 मीटर दूर फेंक दिया। मृतक गुड़गांव में टेलरिंग करता था, जो कि ईद और बहन की शादी के लिए घर आया था। युवक बरेली जाने के बजाय लालकुआं कैसे पहुंचा, पुलिस के लिए पहेली बनी है। युवक की जेब से ट्रेन के तीन टिकट (बरेली के) बरामद हुए हैं, जबकि उसका मोबाइल गायब है। परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
सोमवार सुबह करीब छह बजे वन निगम डिपो संख्या 4 के सामने हाइवे से करीब 25 मीटर दूर और पटरियों के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा मिला। शव के पास में ही खून से सने पत्थर भी बरामद हुए। युवक का सिर बुरी तरह से कूचा था। सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी शिनाख्त सलमान (19) पुत्र मो. याकूब निवासी ग्राम जटौवा धौराटांडा थाना भोजीपुरा जिला बरेली के रूप में हुई। किसी तरह परिजनों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे सलमान के भाई मो. अय्यूब ने शिनाख्त करते हुए बताया कि सात भाई-बहनों में सलमान छठे नंबर का था। वह गुड़गांव में टेलरिंग करता था। ईद तथा बहन शमा की शादी (17 जुलाई) के लिए घर आया हुआ था। बहन की शादी की शॉपिंग करने के लिए रविवार को सलमान बरेली के लिए निकला था। उसके बाद से ही उससे संपर्क नहीं हो पाया। मो. अय्यूब ने इस बात पर हैरानी जताई कि सलमान आखिर लालकुआं कैसे पहुंचा। अय्यूब ने बताया कि सात माह पहले ही उसकी मां का इंतकाल हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की जेब से तीन टिकट बरामद हुए हैं। कोतवाल विपिन चंद्र पंत ने घटना स्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. दयाल शरण को भी बुलवाया। वहीं शाम को एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने एसपी यशवंत सिंह चौहान के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के खुलासे के निर्देश दिए। सीओ राजेंद्र सिंह हंयाकी ने बताया कि जांच के लिए कुछ टीमें यूपी के कुछ इलाकों में भेजी गई हैं।
तीन युवकों पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
मृतक सलमान के भाई मो. अय्यूब और रिश्तेदारों ने बताया कि करीब 25 दिन पूर्व रमजान में सलमान का गांव के ही कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। परिजन सलमान की हत्या की वजह झगडे़ को मान रहे है। उन्होंने धोखे से सलमान को लालकुआं लाकर उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। अय्यूब ने जटौवा गांव निवासी अमीर अहमद पुत्र जमील अहमद, जाहिद पुत्र अहमद हुसैन और वकील अहमद पुत्र नूर अहमद पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।