फ्रेंड्स कालोनी में एक ठेले से संतरा लेकर भाग रहे स्कूटी सवार दो छात्रों ने राह चलते एक वृद्ध को टक्कर मार दी। स्कूटी फिसलने से छात्र गिरकर घायल हो गया। घायल वृद्ध को कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों छात्रों को हिरासत में ले लिया है। स्कूटी सवार इंटर के छात्र का कहना है कि भूख लगने पर उसने दो संतरे उठाए थे।
अल्मोड़ा जिले के पनवानौला और अन्य बचकोड लमगड़ा निवासी दो छात्र आदर्श नगर में रहकर पढ़ाई करते हैं। रविवार को उन्होंने फ्रेंड्स कालोनी में एक ठेले से दो संतरे उठाए और स्कूटी से भाग गए। ठेले वाले राजीव ने जब बाइक से उनका पीछा किया तो उन्होंने राह चलते जौहर कालोनी निवासी गजेंद्र सिंह पांगती (73) को पीछे से टक्कर मार दी।
इसके बाद स्कूटी रपटने से वह भी गिर गए, इसमें स्कूटी चला रहा छात्र घायल हो गया, जबकि साथी बच गया। सूचना पर पहुंची भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने छात्रों को हिरासत में लिया है। स्कूटी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस चौकी में ठेले वाले ने बताया कि वह दोनहरिया-फ्रेंड्स कालोनी रोड पर ठेले में फल बेच रहा था। यह दोनों छात्र ठेले से संतरा लेकर भागे थे। वह पहले भी ठेले से फल उठाकर भाग चुके हैं।