जहर खाने से गंभीर पीरूमदारा चौकी इंचार्ज कमलेश भट्ट की पत्नी देवकी देवी की मंगलवार को हल्द्वानी के निजी अस्पताल में मौत हो गई। इस पर पुलिस-प्रशासन एवं राजनैतिक संगठन से जुड़े लोगों ने गहरा दुख जताया है। मंगलवार को स्थानीय श्मशान घाट में उनकी अंत्येष्टि कर दी गई।
सोमवार दोपहर मोहल्ला भरतपुरी निवासी एवं पीरूमदारा चौकी इंचार्ज कमलेश भट्ट की पत्नी देवकी देवी (36) ने घर पर जहर खाकर फोन पर अपने पति को इसकी सूचना दी। भट्ट ने चीता मोबाइल के महेंद्र डंगवाल, संजय कुमार को घटना की जानकारी दी। दोनों सिपाही देवकी देवी को लेकर संयुक्त अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद देवकी देवी को ब्रजलाल हॉस्पिटल हल्द्वानी रेफर कर दिया।
मंगलवार सुबह देवकी देवी की मौत हो गई। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम स्थानीय श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। देवकी की आठ वर्षीय पुत्री निष्ठा और पांच वर्षीय पुत्र गोलू है।