गौलापार में मानसिक रूप से कमजोर महिला के साथ रेप करने के आरोपी के खिलाफ चोरगलिया पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है। इस मामले में ग्रामीण शुक्रवार को चोरगलिया थानाध्यक्ष से भी मिले थे। पुलिस महिला का मेडिकल कराने के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराएगी।
गौलापार निवासी पति ने आरोप लगाया कि उसकी मानसिक रूप से कमजोर 40 वर्षीय पत्नी को पड़ोसी छह माह पहले डरा धमकाकर ले गया था और जबरदस्ती बलात्कार किया। किसी से शिकायत करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। छह माह का गर्भ ठहरने पर उसकी पत्नी ने बताया कि पड़ोसी ने उसके साथ बलात्कार किया था। पति ने नौ अप्रैल को मुकदमा दर्ज करने के लिए चोरगलिया थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
वहीं, आरोपी ने महिला के जेठ से हाथापाई की थी। इस मामले में तीन दिन पहले समाजसेवी हेमंत गौनिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसपी सिटी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन भी किया था, फिर भी मुकदमा दर्ज नहीं होने पर ग्रामीण शुक्रवार को चोरगलिया थानाध्यक्ष केआर पांडेय से मिले। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर पड़ोसी पान सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।