एसडीएम कोर्ट के सामने रविवार को नशे में धुत स्कूटी सवार रोडवेज के रिटायर्ड एआरएम सीपीयू से भिड़ गए। वह सीपीयू पर अनायास पांच हजार रुपये घूस मांगने का आरोप लगाने लगे। कोतवाली पुलिस ने रिटायर्ड एआरएम का मेडिकल मुआयना कराने के बाद शराब पीकर ऊधम काटने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
सीपीयू के उपनिरीक्षक प्रताप सिंह नेगी, सिपाही पुष्कर सिंह के साथ रविवार दोपहर नैनीताल रोड पर एसडीएम कोर्ट के सामने वाहन चेकिंग कर रहे थे। डीएल नहीं होने पर सीपीयू टीम टेंपो का चालान कर रही थी। इस बीच स्कूटी पर सवार रोडवेज के रिटायर्ड एआरएम ( असिस्टेंट रीजनल मैनेजर) राजेंद्र सिंह यादव मौके पर धमक गए।
रिटायर्ड एआरएम ने अंग्रेजी में नसीहत देते हुए सीपीयू पर आरोप लगाया कि चेकिंग टीम पांच हजार रुपये सुविधा शुल्क मांग रही है। वह मौके पर सीपीयू के खिलाफ लोगों को भड़काने लगे। घटना की सूचना मिलने पर सीपीयू की अन्य टीम ने शराब पीकर ऊधम काटने के आरोप में रिटायर्ड एआरएम को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली थाने में आने पर रिटायर्ड एआरएम अपनी गलती के लिए माफी मांगने लगे। उनका कहना था कि टेंपो चालक घूस मांगने की बात कह रहा था। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि राजेंद्र सिंह यादव मूल रूप से वाराणसी जिले के मानसनगर कालोनी लंका के रहने वाले हैं।
आवास विकास कालोनी में उनका मकान है और यहां बुटीक का काम करते हैं। वह 2010 में सहारनपुर से एआरएम के पद से रिटायर्ड हुए थे। पुुलिस ने रिटायर्ड एआरएम की मेडिकल जांच में अल्कोहल मिलने पर धारा 185 पुलिस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।