जालसाजों ने एक व्यवसायी के खाते से 4600 रुपए निकाल लिए। खाताधारक द्वारा एसबीआई की शाखा में पूछने पर पता चला कि पैसे कलावती चौराहा स्थित एटीएम से निकाले गए हैं। भुक्तभोगी ने घटना से भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी को अवगत करा दिया है।
नवाबीरोड निवासी नितिन पांडेय का कुसुमखेड़ा स्थित स्टेट बैंक की शाखा में खाता है। सोमवार दोपहर नितिन जब घर के पास एचडीएफसी के एटीएम से रुपए निकालने के लिए गए तो खाते में सिर्फ 200 रुपए मौजूद थे। नितिन पत्नी नीलम पांडेय से पूछने के बाद स्टेट बैंक में गए। यहां बैंक प्रबंधक ने जांच कर बताया कि रुपए कलावती चौराहा स्थित एटीएम से निकाले गए हैं। भुक्तभोगी का कहना है कि एटीएम उसके पास है तो पैसा कैसे निकाला गया। यह रहस्य बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो